शिमला में 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सेवा में शामिल, तंबाकू मुक्त युवा अभियान का शुभारंभ

शिमला में 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सेवा में शामिल, तंबाकू मुक्त युवा अभियान का शुभारंभ

शिमला, 11 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)

राजधानी शिमला में आज स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंसों को राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा-108 (एनएसए) में शामिल करने का शुभारंभ किया। इन अत्याधुनिक एम्बुलेंसों में 19 प्रकार के आपातकालीन जीवन रक्षक उपकरण लगाए गए हैं, जो दुर्घटनाओं, हृदयाघात, प्रसव जैसी आपात स्थितियों में मरीजों को त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान करेंगी।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा “तंबाकू मुक्त युवा अभियान” की शुरुआत भी की गई। अभियान का उद्देश्य युवाओं में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज को नशामुक्त दिशा की ओर अग्रसर करना है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू से दूर रहने की शपथ भी ली।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शांडिल ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक आधुनिक व सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नई एम्बुलेंसों के जुड़ने से 108 सेवा की कार्यक्षमता और तेजी में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक संजय अवस्थी, महापौर सुरेन्द्र चौहान, प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क राजीव कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।सरकार का यह प्रयास न केवल आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति देगा बल्कि “तंबाकू मुक्त हिमाचल” के संकल्प को भी सशक्त बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!