बागवानो की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए मंत्री जगत सिंह नेगी

चम्बा, 17 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए कृषि उपज विपणन समिति तथा उद्यान विभाग के अधिकारी आढ़ती संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करें, ताकि जिला के सेब एवं अन्य फल उत्पादकों के हितों की पूरी तरह से रक्षा सुनिश्चित हो सके।उन्होंने यह बात विधानसभा क्षेत्र चुराह के अंतर्गत विश्राम गृह तीसा में उद्यान विभाग द्वारा आयोजित बागवानी जागरूकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए कही।

मंत्री ने बागवानों से संवाद के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बागवानी क्षेत्र के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बागवानों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं से अधिक से अधिक लाभ उठाएं।कैबिनेट मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत बागवानों को वितरित किए जाने वाले पौधों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि पौधों की आपूर्ति से पूर्व विभागीय स्तर पर उनकी गुणवत्ता जांच अवश्य की जाए। उन्होंने बागवानों को सघन बागवानी तकनीक अपनाने की सलाह देते हुए उद्यान विभाग को पौधों की मांग सूची समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए।

जगत सिंह नेगी ने उद्यान विभाग को नियमित अंतराल पर ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित करने पर बल दिया, ताकि बागवानों को नई तकनीक और योजनाओं की जानकारी मिलती रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों से वन अधिकार अधिनियम से अधिक से अधिक लाभ उठाने और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया।इस अवसर पर स्थानीय कांग्रेस नेता यशवंत सिंह खन्ना ने मंत्री का स्वागत किया और विधानसभा चुराह से संबंधित विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। उन्होंने तीसा नागरिक चिकित्सालय में स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति और राजस्व विभाग में रिक्त पदों को भरने का अनुरोध भी किया।

इस मौके पर उपनिदेशक उद्यान डॉ. प्रमोद शाह, अध्यक्ष जिला कृषि उपज विपणन समिति ललित ठाकुर, एसडीएम अंकुर ठाकुर, डीएसपी जितेंद्र चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।