डलहौजी में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

डलहौजी में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

डलहौजी/ चम्बा 20 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)


डलहौजी के सिविल अस्पताल में आज बुधवार दोपहर एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ध्रुव पुत्र राकेश शर्मा, निवासी गांव बौखरीमोड़, डाकघर बाथरी, तहसील डलहौजी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ध्रुव को उसके दोस्त दोपहर करीब डेढ़ बजे बेसुध अवस्था में सिविल अस्पताल डलहौजी लाए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के दोस्त ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह ध्रुव को पहले से जानता था। आज दोपहर करीब 12:30 बजे ध्रुव अपनी मोटरसाइकिल पर अकेला जा रहा था और रास्ते में उसने उसे रोका। बातचीत के दौरान ध्रुव ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और उसे छाती में दर्द हो रहा है, इसलिए वह अस्पताल जा रहा है। इसके बाद उसने अपने दोस्त से बाइक चलाने को कहा और खुद पीछे बैठ गया।
जब वे दोनों सनसेट प्वाइंट के पास डाक्टर जयदेव क्लीनिक ह के नजदीक पहुंचे, तो ध्रुव ने सिर में तेज दर्द और प्यास लगने की शिकायत की। इस पर उसे पास की बेंच पर बैठाया गया और पानी पिलाया गया। थोड़ी देर बाद ध्रुव की हालत बिगड़ने लगी, उसे पसीना आने लगा और सांस फूलने लगी। देखते ही देखते वह बेहोश हो गया। इसके बाद दूसरे दोस्त को बुलाकर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दोस्त के अनुसार ध्रुव को पहले से अस्थमा की समस्या थी और वह अपने साथ इनहेलर (पंप) भी रखता था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!