दिव्यांगजन के यूडीआईडी कार्ड व पेंशन से संबंधित बैठक आयोजित,उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक

दिव्यांगजन के यूडीआईडी कार्ड व पेंशन से संबंधित बैठक आयोजित,उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक

चंबा, 17 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, चंबा में आज दिव्यांगजन के यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड और दिव्यांग पेंशन से संबंधित विषय पर एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने की।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपन ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 6164 यूडीआईडी कार्ड डिजिटलाइज्ड किए जा चुके हैं, जिनमें से 593 कार्ड इस वर्ष जारी किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जिन्होंने नए कार्ड के लिए आवेदन किया है, वे आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ति के लिए व्यक्तिगत रूप से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में उपस्थित हों।डॉ. ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2016 से पहले बनाए गए कार्डों का भी डिजिटलीकरण किया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्ड धारकों से अपील की कि वे अपने पुराने कार्ड शीघ्र डिजिटल करवाएं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला कल्याण विभाग के अनुसार वर्तमान में जिला चंबा में 5314 दिव्यांग पेंशनधारी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उपायुक्त चंबा ने निर्देश दिए कि सभी दिव्यांग पेंशनभोगियों के यूडीआईडी कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।उन्होंने यह भी कहा कि कार्ड के डिजिटलीकरण के लिए लाभार्थी अपने साथ आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, पुराना कार्ड तथा स्थायी प्रमाण पत्र लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में दस्तावेज जमा करें।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही आशा वर्कर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सीएचओ और चिकित्सा अधिकारियों की सहायता से लंबित यूडीआईडी कार्डों का डिजिटलीकरण पूरा कर लिया जाएगा।बैठक में जिला कल्याण अधिकारी राज बहादुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वेहवी गुरंग तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!