रावी नदी में युवक ने लगाई छलांग, नहीं मिला अभी तक कोई सुराग

रावी नदी में युवक ने लगाई छलांग, नहीं मिला अभी तक कोई सुराग

चम्बा, 18 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

शुक्रवार दोपहर को चम्बा शहर के समीप एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक अज्ञात युवक ने रावी नदी में छलांग लगा दी। यह घटना बालू स्थित पुराने पुल के पास घटी, जहां अचानक युवक को पुल की रेलिंग पार कर नदी में कूदते देखा गया। कुछ ही पलों में वह रावी की तेज बहाव वाली धारा में बह गया और आंखों से ओझल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी के किनारे बालू, परेल, तड़ोली और उदयपुर क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया।पुलिस उप-अधीक्षक हितेश लखनपाल ने बताया कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से व्यापक तलाशी अभियान आरंभ किया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह किस क्षेत्र का निवासी है।

पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में युवक के बारे में सूचना जारी कर दी है ताकि उसकी पहचान हो सके।डीएसपी लखनपाल ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य कारणवश युवक ने छलांग लगाई, इस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को इस घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल पर अचानक युवक के छलांग लगाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण किसी को सफलता नहीं मिली। पुलिस की खोज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!