प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए रघुवीर सिंह बाली का नाम भी सुर्खियों में

शिमला, 19 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन में चल रही हलचल के बीच अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। इस पद के लिए अब युवा और सक्रिय नेता रघुवीर सिंह बाली का नाम भी जोर पकड़ने लगा है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रघुवीर सिंह बाली से प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक ढांचे को लेकर विस्तार से फीडबैक लिया है। इसे लेकर पार्टी हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि आलाकमान प्रदेश कांग्रेस में बड़े बदलाव की तैयारी में है।रघुवीर सिंह बाली प्रदेश की सबसे बड़ी और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली जिला कांगड़ा से ताल्लुक रखते हैं। यह जिला हमेशा से राज्य की सत्ता का निर्णायक केंद्र रहा है, ऐसे में बाली को अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल किया जाना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। रघुवीर सिंह बाली के पिता स्वर्गीय जीएस बाली भी प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत और लोकप्रिय चेहरा रहे हैं। इसी कारण बाली परिवार का कांग्रेस संगठन में गहरा प्रभाव माना जाता है।पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी आगामी चुनावी रणनीति को युवा नेतृत्व के साथ जोड़कर देख रही हैं। रघुवीर सिंह बाली संगठनात्मक रूप से सक्रिय हैं और प्रदेशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका अच्छा संपर्क है। इसीलिए पार्टी हाईकमान उन्हें जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर सकता है।हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि हिमाचल कांग्रेस में जल्द ही नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिल सकता है। यदि रघुवीर सिंह बाली को यह जिम्मेदारी मिलती है, तो पार्टी को कांगड़ा सहित समूचे प्रदेश में एक नई ऊर्जा और दिशा मिल सकती है।