राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया होली क्षेत्र का किया दौरा, आपदा प्रभावित गांवों के लिए बनेगी तकनीकी कमेटी

भरमौर/चंबा, 19 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शनिवार को जनजातीय उपमंडल भरमौर के अंतर्गत होली क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंत्री ने अपने दौरे के दौरान आपदा प्रभावित सलूण, भटोला और कुलेठ घार क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।विश्राम गृह होली में आयोजित जनसंवाद के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने जनता से संवाद करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज ने इस अवसर पर होली क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खोलने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पहले से कई जल विद्युत परियोजनाएं संचालित हो रही हैं और भविष्य में और भी परियोजनाएं शुरू होंगी, ऐसे में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आईटीआई की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।

मंत्री ने कुलेठ घार क्षेत्र का भी निरीक्षण किया, जहां उपाध्यक्ष राज्य युवा कांग्रेस चंद्रमणि कुलेठी सहित स्थानीय लोगों ने गांव को उत्पन्न संभावित खतरे के स्थायी समाधान की मांग की। इस पर राजस्व मंत्री ने कहा कि राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि और लाडा निधि के तहत प्राक्कलन के आधार पर आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।उन्होंने सलूण और भटोला गांवों में आपदा के संभावित कारणों की जांच के लिए हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर, जल शक्ति, राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त तकनीकी समिति गठित कर एक माह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जगत सिंह नेगी ने निर्माणाधीन होली–उतराला संपर्क सड़क का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग को लाकेवाली माता मंदिर से चन्नी नाला तक संपर्क मार्ग और वन विभाग को चन्नी नाला पर पैदल पुल निर्माण के निर्देश दिए।उन्होंने प्रसिद्ध लाकेवाली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति के अध्यक्ष ललित ठाकुर, परिवहन निगम के सदस्य निदेशक सुरजीत भरमौरी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलबीर सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
