गैर जनजातीय क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास होगा सुनिश्चित :-जगत सिंह नेगी

गैर जनजातीय क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास होगा सुनिश्चित :-जगत सिंह नेगी

भरमौर/चंबा, 19 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र भरमौर के तहत गैर जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। वह आज ग्राम पंचायत लेच में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। जगत सिंह नेगी ने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकासात्मक कार्यों को सुनिश्चित बनाने के लिए मामला मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा तथा सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएगी।उन्होंने साथ में यह भी कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154ऐ के अंतर्गत चंबा-भरमौर के हिस्से को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त मणिमहेश यात्रा के स्वरूप को बेहतर बनाने के साथ-साथ इसे यात्रियों के लिए और अधिक सुगम बनाया जाएगा।जगत सिंह नेगी ने स्थानीय पंचायत प्रधान की मांग पैदल पुल लेच की मरम्मत कार्य, पेयजल योजना सिंधुआ, लेच गांव के संपर्क मार्ग को पक्का करने के लिए प्राक्कलन के आधार पर आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया । उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों तथा सांस्कृतिक दल के कलाकारों को 40 हजार की धनराशि अपनी ऐच्छिक निधि से देने की भी घोषणा की। अध्यक्ष कृषि उपज एवं विपणन समिति ललित ठाकुर ने कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कहा कि राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री ने गत मानसून के दौरान भरमौर क्षेत्र में पैदल प्रवास कर विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू बनाया।

ललित ठाकुर ने लेच पुल की मरम्मत हेतु धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए राजस्व मंत्री का आभार व्यक्त किया।साथ में उन्होंने यह भी कहा कि सिंधुआ, लोअर लेच तथा गुवाड गाँव को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार ने अनुमति प्रदान की है। इससे पूर्व स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान सुनीता भूषण ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए जिला की प्रसिद्ध धातु शिल्प कलाकृति चंबा थाल तथा शाल-टोपी भेंटकर उनका सम्मान किया। उन्होंने ग्राम पंचायत से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान का भी आग्रह किया।

सदस्य निदेशक मंडल राज्य पथ परिवहन निगम सुरजीत भरमौरी, उप मंडल अधिकारी नागरिक प्रियांशु खाती, तहसीलदार दीक्षित राणा, खंड विकास अधिकारी बशीर खान, उपनिदेशक उद्यान डॉ.प्रमोद शाह, पशुपालन डॉ.राकेश भंगालिया, अधिशासी अभियंता मीत शर्मा, हामिन्दर चौणा, बीसी ठाकुर, सहित स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!