शिवा परियोजना से खिला धर्मपुर का ललाणा क्लस्टर, मौसम्बी की फसल बनी समृद्धि की नई पहचान

शिवा परियोजना से खिला धर्मपुर का ललाणा क्लस्टर, मौसम्बी की फसल बनी समृद्धि की नई पहचान

मण्डी/सरकाघाट, 22 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बागवानी को नई दिशा देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्यवर्द्धन (एचपी शिवा) परियोजना के तहत 100 करोड़ रुपये व्यय करने का प्रावधान इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इस परियोजना का असर अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है।मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल के ललाणा क्लस्टर में बागवानी की सफलता की मिसाल पेश की जा रही है।

लगभग 5 हेक्टेयर भूमि में ब्लड रेड और जाफ़ा प्रजाति की करीब 4700 मौसम्बी पौधों की खेती की गई है। इन दिनों बगीचे में लहलहाती फसल किसानों की मेहनत और सरकारी सहयोग का परिणाम है। किसानों द्वारा गठित कम्यूनिटी हॉर्टिकल्चर प्रोडक्शन मार्केटिंग एसोसिएशन और वाटर यूजर एसोसिएशन क्लस्टर की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं।किसान अमर सिंह बताते हैं कि बागवानी विभाग की सहायता से सोलर बाड़बंदी, ड्रिप सिंचाई, उठाऊ सिंचाई परियोजना और 50 हजार लीटर क्षमता का पानी का टैंक स्थापित किया गया है।

लगभग 41 किसान इस क्लस्टर से जुड़े हैं और प्रत्येक पौधे से 50-60 किलोग्राम तक उत्पादन की उम्मीद की जा रही है। इस बार रिलायंस स्टोर राजपुरा द्वारा ललाणा से पहली 20 क्विंटल फसल खरीदी जा चुकी है, जिसकी कीमत 35 से 40 रुपये प्रति किलो तक मिल रही है।विषय विशेषज्ञ (बागवानी) धर्मपुर डॉ. अनिल ठाकुर ने बताया कि शिवा परियोजना के तहत धर्मपुर में कुल 63 क्लस्टर स्थापित किए गए हैं, जिनमें मौसम्बी, अमरूद और लिची की खेती को बढ़ावा दिया गया है। लगभग 1500 किसान इससे लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और बागवानी प्रदेश के विकास का नया आधार बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!