कुल्लू में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 4 लाख से अधिक अफीम के पौधे नष्ट

कुल्लू में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 4 लाख से अधिक अफीम के पौधे नष्ट

कुल्लू 20 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल के बठाहड़ क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई से नशा माफिया में हड़कंप मच गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि बंजार तहसील के मशियार गांव में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद डीएसपी हेमराज वर्मा के नेतृत्व में एसटीएफ की दो टीमों का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके में दबिश दी और मौके पर पहुंचकर पाया कि करीब 30 सीढ़ीनुमा खेतों, जो लगभग 12 बीघा निजी भूमि पर फैले हुए थे, में अफीम की फसल उगाई गई थी।एसटीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही कुल 4,32,522 अफीम के पौधों को उखाड़कर नष्ट कर दिया। इस मामले में बंजार थाना में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।एसटीएफ कुल्लू द्वारा नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अब तक टीम 37 बीघा भूमि पर उगाई गई 10,58,985 से अधिक अफीम के पौधों को नष्ट कर चुकी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ 10 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।कार्रवाई के बाद डीएसपी हेमराज वर्मा ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को अपने आसपास नशे या अवैध खेती से संबंधित कोई जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस के टोल-फ्री नंबर 112 या नजदीकी थाने में सूचित करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!