बनीखेत में भारी लगातार हो रही बारिश से पद्दर-खैरी पुल मार्ग क्षतिग्रस्त, दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ा

बनीखेत में भारी लगातार हो रही बारिश से पद्दर-खैरी पुल मार्ग क्षतिग्रस्त, दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ा

डलहौजी/ चम्बा 10 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

नगर पंचायत बनीखेत के अंतर्गत वार्ड नंबर 7 पद्दर से खेरी पुल तक जाने वाला मुख्य मार्ग भारी बारिश के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही वर्षा के कारण सड़क के कई हिस्सों में बिछाई गई सीमेंट की टाइलें उखड़ गई हैं, वहीं कुछ स्थानों पर मार्ग भूस्खलन की चपेट में आ गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात से पूर्व इस मार्ग पर एनएचपीसी द्वारा स्टाइल वर्क करवाया गया था, लेकिन पहली ही बारिश में कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि कार्य सही ढंग से किया गया होता तो सड़क इस तरह से क्षतिग्रस्त नहीं होती।

स्थिति उस समय और अधिक चिंताजनक हो जाती है जब यह देखा जाता है कि जहां-जहां मार्ग का डंगा गिर चुका है, वहां किसी भी प्रकार के चेतावनी संकेत या सुरक्षा चिन्ह नहीं लगाए गए हैं। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। खासकर रात के समय यह मार्ग और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर पंचायत बनीखेत से मांग की है कि इस मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि संबंधित विभाग कार्य की गुणवत्ता की जांच करे ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!