
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किहार में प्रतियोगिता आयोजित, सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया भाग
किहार/चम्बा 31 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रबुद्ध भारत फाउंडेशन, अंबेडकर मिशन सोसाइटी चंबा और अंबेडकर मिशन सोसाइटी सलूणी के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किहार में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, शिक्षा के प्रति रुचि और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस थाना किहार के प्रभारी जगबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं तथा उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए।

थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को लड़कियों के अधिकारों, महिला सम्मान और समान अवसरों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा जीवन में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर अंबेडकर मिशन सोसाइटी चंबा के अध्यक्ष ब्यास देव, अंबेडकर यूथ क्लब चंबा के अध्यक्ष कार्तिक, अंबेडकर मिशन सोसाइटी चंबा के सहसचिव रोहित तथा भीम आर्मी के पूर्व अध्यक्ष रमेश चंद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।समापन अवसर पर अंबेडकर मिशन सोसाइटी के अध्यक्ष ब्यास देव ने विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश घेई तथा समस्त स्टाफ का आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
