नूरपुर में CIA टीम की कार्रवाई, 32.57 ग्राम चिट्टा बरामद; दो व्यक्ति हिरासत में
कंडवाल में नागनी माता मंदिर के समीप पुलिस की कार्रवाई, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

नूरपुर/ कांगड़ा 15 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत CIA टीम ने कार्रवाई करते हुए 32.57 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, CIA टीम ने गुप्त सूचना एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नागनी माता मंदिर, कंडवाल के समीप सड़क किनारे कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस टीम ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32.57 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान विकास (24), निवासी जिला कांगड़ा तथा राकेश ठाकुर (36), निवासी जिला मंडी एवं जिला कांगड़ा के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 21 और 29 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।इस सारे मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर द्वारा की गई है उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।