विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ, छह माह तक केवल स्तनपान कराने का दिया संदेश

विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ, छह माह तक केवल स्तनपान कराने का दिया संदेश

चंबा, 4 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चंबा तथा ममता एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में मेडिकल कॉलेज चंबा के न्यू बोर्न केयर वार्ड में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 1 अगस्त से 7 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य माताओं एवं परिवारों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना है।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नवजात शिशु के स्वस्थ विकास और सुरक्षित भविष्य के लिए जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध ही शिशु को दिया जाना चाहिए, जिसे एक्सक्लूसिव ब्रेस्टफीडिंग कहा जाता है।उन्होंने बताया कि माँ का दूध शिशु के लिए संपूर्ण और सर्वोत्तम आहार होता है, जो उसे सभी आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है। इसके साथ ही यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और उसे विभिन्न संक्रमणों से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि स्तनपान से माताओं को भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है।डॉ. भारद्वाज ने जानकारी दी कि विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग और ममता एनजीओ की टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्तनपान की सही तकनीक और इसके लाभों के बारे में जागरूक करेंगी।इस दौरान परामर्श सत्र, जागरूकता कार्यक्रम तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्तनपान के प्रति प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, न्यूट्रिशन काउंसलर पूनम सहगल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!