चंबा में ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ अभियान शुरू, मध्यस्थता को मिलेगा बढ़ावा

चंबा 06 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा द्वारा सर्वोच्च न्यायालय के मार्गदर्शन तथा मेडिएशन एंड कंसिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी (एमसीपीसी) की पहल पर देशभर में चलाए जा रहे “मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0” अभियान के तहत जिले में भी व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्राधिकरण के सचिव एकांश कपिल ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के त्वरित, प्रभावी एवं सौहार्दपूर्ण समाधान को बढ़ावा देना और आमजन को इसके प्रति जागरूक करना है।उन्होंने कहा कि मध्यस्थता विवाद निस्तारण का एक सशक्त वैकल्पिक माध्यम है, जिसमें प्रशिक्षित एवं निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता से दोनों पक्ष आपसी सहमति के आधार पर समाधान तक पहुंचते हैं। इस प्रक्रिया से न केवल न्यायिक मामलों का शीघ्र निपटारा संभव होता है, बल्कि समय और धन की भी बचत होती है। साथ ही, आपसी रिश्तों में कटुता कम होकर सौहार्द बना रहता है, जो पारिवारिक एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।सचिव ने आगे बताया कि अभियान के अंतर्गत जिला चंबा में न्यायालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों तथा अन्य संबंधित संगठनों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन तथा न्यायालय संदर्भित मध्यस्थता के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि लोगों को न्यायिक प्रक्रिया का सरल और प्रभावी विकल्प उपलब्ध हो सके।उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जहां भी विवादों के समाधान की संभावना आपसी संवाद और सहमति के माध्यम से हो, वहां मध्यस्थता को प्राथमिकता दें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा मध्यस्थता से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है, जिससे लोगों को त्वरित एवं स्थायी न्याय मिल सके।