ऐतिहासिक चौगान में मनाया जाएगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह

चंबा, 06 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह को भव्य एवं गरिमामय ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमा के अनुरूप सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष भी जिला स्तरीय समारोह का आयोजन चंबा के ऐतिहासिक चौगान में किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति अपेक्षित है।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।बैठक में यह निर्णय लिया गया कि समारोह के दौरान पुलिस, होमगार्ड, जवाहर नवोदय विद्यालय, पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री आदर्श राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चंबा, पंडित जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज तथा वन विभाग की टुकड़ियां आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगी।इसके अतिरिक्त, समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, एसडीएम चिराग शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।