पांगी में विकास कार्यों की समीक्षा, उपायुक्त चम्बा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

पांगी में विकास कार्यों की समीक्षा, उपायुक्त चम्बा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

चंबा, 27 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा 15 अप्रैल 2025 को पांगी उपमंडल के लिए की गई घोषणाओं से संबंधित विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।इस अवसर पर आवासीय आयुक्त पांगी एवं एसडीएम अमनदीप सिंह ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और वर्तमान परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों, चुनौतियों तथा उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उपायुक्त को क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया।

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल शक्ति विभाग, कृषि विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र में विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए तथा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में तहसीलदार संदीप कुमार, खंड विकास अधिकारी आस्था पवार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग रवि शर्मा, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सुनील चंदेल, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राम रत्न, आरओ रोहित प्रधान, एसएमएस कृषि विभाग नरेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!