मणिमहेश यात्रा-2026, उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने तैयारियों का किया निरीक्षण, पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर

भरमौर/चंबा, 05 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
आगामी श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के सफल एवं सुचारू आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने बुधवार को हड़सर से डल झील मणिमहेश तक यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मार्ग पर संचालित दुकानों का भी दौरा किया और दुकानदारों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग में छोटी क्षमता की पानी की बोतलों और नमकीन आदि के छोटे पैकेटों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

उन्होंने कहा कि यह कदम प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण और मणिमहेश घाटी की नाजुक पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।उपायुक्त ने यात्रा मार्ग पर बीड़ी, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, लोक निर्माण विभाग को धनछो के समीप दुनाली में पैदल पुल और सड़क की मरम्मत तथा सुंदरसी से आगे ग्लेशियर प्वाइंट तक मार्ग सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने पेयजल, ठहराव स्थल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था और कूड़ा-कचरा प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने को कहा।

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाएं और मौसम की जानकारी प्राप्त कर ही यात्रा पर निकलें। इस अवसर पर एडीएम विकास शर्मा, एसडीएम अजय कुमार और डीएफओ रजनीश महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।