बनीखेत में बजरी से लदे टिप्पर का टायर फटा, खड़ी स्कूटी क्षतिग्रस्त

डलहौजी/ चम्बा 05 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के बनीखेत क्षेत्र में बीती रात एनएच-154ए पर एक अप्रत्याशित घटना सामने आई, जब बजरी से लदा एक टिप्पर अचानक टायर फटने की वजह से सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय टिप्पर तेज गति से गुजर रहा था, तभी अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने के बाद वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से टकरा गया।

हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य हो गई।बताया जा रहा है कि स्कूटी मालिक और टिप्पर चालक के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई। हालांकि, इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टिप्पर में संभवतः अधिक मात्रा में बजरी लदी हुई थी, जिसके कारण टायर पर अधिक दबाव पड़ा और वह फट गया।इस तरह की घटनाएं सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। साथ ही, वाहन चालकों से भी नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
