केन्द्र सरकार द्वारा सलूणी में सड़क-पुलों के पुनर्निर्माण को मिली 50 करोड़ की मंजूरी :- डीएस ठाकुर ने जताया आभार

सलूणी/चम्बा 11 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
आपदा के बाद सलूणी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और लोक निर्माण विभाग से जुड़े आधारभूत ढांचे के पुनर्निर्माण की दिशा में बड़ी पहल हुई है। पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट (PDNA) के तहत लोक निर्माण विभाग मंडल सलूणी के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इससे क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क एवं पुलों सहित अन्य जरूरी ढांचागत कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी।विधायक ने कहा कि 9 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के बाढ़ और बारिश प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया था। इसके बाद कांगड़ा में अधिकारियों और प्रदेश सरकार के साथ समीक्षा बैठक कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली गई। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने प्रदेश के बाढ़ एवं बारिश प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की थी।डीएस ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्वयं हिमाचल पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेना केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और प्रदेश के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि PDNA के तहत सलूणी लोक निर्माण मंडल के लिए स्वीकृत करीब 50 करोड़ रुपये इसी पुनर्निर्माण प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।उन्होंने कहा कि सलूणी जैसे पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र में सड़कें लोगों की जीवनरेखा हैं। सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बाजार तक पहुंच में सुविधा मिलेगी। साथ ही आपदा से क्षतिग्रस्त ढांचे को मजबूत करने में भी यह राशि महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।विधायक ने संबंधित विभाग से स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी आने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क और आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।