बीपीएल परिवारों से विधायक नीरज नैय्यर ने किया सीधा संवाद, योजनाओं का लाभ उठाने का किया आह्वान

चंबा 11 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा क्षेत्र चंबा के विधायक नीरज नैय्यर ने मैहला और सरोल में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना के तहत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में बीपीएल लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से विभिन्न ग्राम पंचायतों में चरण-1 से 8 तक करवाए गए बीपीएल सर्वेक्षण के आधार पर चिन्हित लाभार्थियों के साथ ये कार्यक्रम आयोजित किए गए। मैहला में 18 ग्राम पंचायतों के करीब 2500 चयनित बीपीएल लाभार्थियों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

वहीं, सरोल में 20 ग्राम पंचायतों के लगभग 1200 बीपीएल लाभार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास तथा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना सहित कृषि, बागवानी और पशुपालन से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार गेहूं, मक्की, हल्दी, दूध सहित विभिन्न कृषि एवं पशुपालन उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध करवा रही है, जिससे किसानों और पशुपालकों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृषि, बागवानी और पशुपालन के क्षेत्र में स्वरोजगार तथा आय के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। ऐसे में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाना चाहिए।नैय्यर ने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उसे पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जल्द ही एसडीएम चंबा की अध्यक्षता में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर उन्हें विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान की।