कांगड़ा के शाहपुर की बोह घाटी में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही, कई मकान व गौशालाएं क्षतिग्रस्त

कांगडा/ शाहपुर 21 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र की बोह घाटी में सोमवार दोपहर अचानक आए फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। जानकारी के अनुसार, स्पैड़ा और गढ़गून गांव में तेज बारिश के बाद नालों में अचानक जलस्तर बढ़ गया, जिससे देखते ही देखते बाढ़ जैसे हालात बन गए। इस आपदा में छह से अधिक मकान और आठ गौशालाएं क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई पालतू मवेशियों के बहने की भी खबर है।स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश कुछ ही समय में इतनी तेज हो गई कि नालों का पानी उफान पर आ गया और मलबे के साथ गांवों की ओर बढ़ने लगा। कई घरों में पानी और मलबा घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

ग्रामीणों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और सतर्क रहें।इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सरकार से जल्द राहत और मुआवजे की मांग की है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
