राज्यपाल कविंदर गुप्ता करेंगे अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का शुभारंभ

चंबा, 22 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के लिए प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का शुभारंभ इस वर्ष 26 जुलाई को राज्यपाल कविंदर गुप्ता द्वारा विधिवत रूप से किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्यपाल का तीन दिवसीय प्रवास कार्यक्रम तय किया गया है, जिसके तहत वे विभिन्न आयोजनों में भाग लेंगे।उपायुक्त ने बताया कि राज्यपाल 25 जुलाई (शनिवार) को सायं डलहौजी पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि ठहराव परिधि गृह में निर्धारित किया गया है। इसके पश्चात 26 जुलाई को वे सुबह 10 बजे चंबा के प्रसिद्ध श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पारंपरिक रूप से मिंजर अर्पित करेंगे। यह धार्मिक परंपरा मिंजर मेले की शुरुआत का प्रमुख आकर्षण मानी जाती है, जिसमें भगवान को मक्के की बालियां अर्पित कर समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है।इसके बाद राज्यपाल सुबह 10:30 बजे ऐतिहासिक चौगान मैदान में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर जिले भर से आए लोग, कलाकार और पर्यटक मेले की भव्यता के साक्षी बनेंगे। मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा, जो प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगे।उपायुक्त ने आगे बताया कि राज्यपाल 26 जुलाई को ही सांय 8:35 बजे सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ भी करेंगे। इस दौरान देश-विदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिससे मेले का आकर्षण और भी बढ़ेगा। राज्यपाल का रात्रि ठहराव परिधि गृह चंबा में ही रहेगा।अपने प्रवास के अंतिम दिन 27 जुलाई को सुबह 9 बजे राज्यपाल पठानकोट के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।