‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा रोजगार से सीधा जुड़ाव

‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा रोजगार से सीधा जुड़ाव

शिमला 21 जुलाई चम्बा न्यूज़ एक्सप्रैस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तकनीकी शिक्षा विभाग के बहुप्रतीक्षित ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का विधिवत शुभारंभ करते हुए प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोल दिए हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अपनी तरह का पहला डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो छात्रों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और नियोक्ताओं को एकीकृत प्रणाली के माध्यम से जोड़कर प्लेसमेंट एवं भर्ती प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से छात्र अपनी प्रोफाइल, कौशल विवरण, प्रशिक्षण तथा प्रमाणपत्रों की जानकारी ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। साथ ही उन्हें विभिन्न रोजगार अवसरों की जानकारी, ऑनलाइन आवेदन की सुविधा और अपने प्लेसमेंट की स्थिति की निगरानी करने का भी विकल्प मिलेगा। इससे युवाओं को रोजगार तलाशने में आने वाली पारंपरिक बाधाओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।पोर्टल की विशेषता यह भी है कि तकनीकी शिक्षण संस्थान छात्रों के डेटा का प्रबंधन, प्रोफाइल अनुमोदन तथा प्लेसमेंट परिणामों की निगरानी आसानी से कर सकेंगे।

इसके अतिरिक्त यह प्लेटफॉर्म संस्थानों और संभावित नियोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।उपलब्धियों की बात करें तो अब तक 164 संस्थान इस पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें 136 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, 18 पॉलिटेक्निक, 5 इंजीनियरिंग कॉलेज और 5 फार्मेसी कॉलेज शामिल हैं। ‘हिम एक्सेस इंटीग्रेशन’ के माध्यम से 26,168 छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 23,054 छात्रों की कौशल मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं 97 नियोक्ता भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं।इस अवसर पर Mukesh Agnihotri, Rajesh Dharmani सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सरकार का मानना है कि यह पहल प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास और बेहतर रोजगार अवसर प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!