देहरा में करोड़ों की नकदी और आभूषण मामला, SIT की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

देहरा/कांगडा, 06 अगस्त ,चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला देहरा में करोड़ों रुपये की नकदी और बहुमूल्य आभूषणों से जुड़े चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रक्कड़ थाना में दर्ज इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 90 लाख रुपये नकद, 1 किलो 324 ग्राम सोना, अन्य सोने-हीरे के आभूषण, 801 अमेरिकी डॉलर, पासपोर्ट तथा जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।मामले का खुलासा 29 जून 2026 को हुआ, जब अविनाश निवासी गांव मौआं, तहसील रक्कड़ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार उसके करीब 4 से 4.5 किलोग्राम सोना-चांदी व हीरे के आभूषण, लगभग 2.5 करोड़ रुपये नकद और अन्य जरूरी दस्तावेज रिश्तेदारों द्वारा छिपा दिए गए थे।हालांकि शिकायत घटना के लगभग तीन महीने बाद दर्ज हुई, जिससे जांच चुनौतीपूर्ण रही। इसके बावजूद एसपी संदीप धवल के निर्देश पर गठित SIT ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान 1 जुलाई को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से विदेशी मुद्रा, दस्तावेज और आभूषण बरामद हुए।आगे की कार्रवाई में पुलिस पंजाब के डेरा बस्सी पहुंची, जहां एक मकान से भारी मात्रा में नकदी और आभूषण बरामद किए गए। इस दौरान तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं दो आरोपियों को अग्रिम जमानत मिली है और उन्हें जांच में शामिल किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में अभी और बरामदगी की संभावना है तथा अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।