बट्ट आईटीआई में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित, मारुति सुजुकी के लिए युवाओं का चयन प्रक्रिया शुरू

चंबा, 06 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा संचालित बट्ट आईटीआई खुशनगरी (तीसा) और बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में बीते कल बुधवार को देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के लिए कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। यह भर्ती प्रक्रिया एचआरवीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से संपन्न करवाई जा रही है।इस संबंध में जानकारी देते हुए बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने बताया कि इस कैंपस ड्राइव के माध्यम से आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनी में रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न ट्रेडों के अभ्यर्थियों ने इस प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लिया, जिनमें मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, वेल्डर, पेंटर, वायरमैन, शीट मेटल, सीओई (ऑटोमोबाइल), इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, टूल एंड डाई तथा पीपीओ जैसे ट्रेड शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में 50 तथा बट्ट आईटीआई खुशनगरी में 55 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मौखिक परीक्षा वीरवार को राजकीय आईटीआई चंबा में आयोजित की जाएगी।चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने आगे बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को गुजरात स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के प्लांट में नियुक्ति दी जाएगी। फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट के तहत चयनित युवाओं को 28,300 रुपये प्रतिमाह सीटीसी के साथ वार्षिक वैधानिक बोनस प्रदान किया जाएगा। वहीं अप्रेंटिसशिप के तहत चयनित अभ्यर्थियों को 21,200 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा सब्सिडी युक्त भोजन, छात्रावास सुविधा, वर्दी, पीपीई किट, सुरक्षा जूते तथा नियमानुसार अवकाश जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
