हीलिंग नाले के पास दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौके पर ही मौत

भरमौर/चम्बा 06 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल की तहसील होली के लामू–हीलिंग मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शवों को अपने कब्जे में लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48 वर्ष), पुत्र रंगीला राम, तथा संजय कुमार (35 वर्ष), पुत्र शर्मा सरवन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बुधवार देर रात हीलिंग क्षेत्र से अपने घर लामू की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हीलिंग नाले के समीप उनकी ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना रात करीब 11 बजे के बाद की बताई जा रही है। जैसे ही हादसे की सूचना आसपास के लोगों को मिली, वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया।बताया गया है कि दोनों मृतक विवाहित थे। सुरेश कुमार अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जबकि संजय कुमार के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ।