मणिमहेश यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, एएसपी ने कुगती, हड़सर और चौरासी हेलीपैड का किया निरीक्षण

मणिमहेश यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, एएसपी ने कुगती, हड़सर और चौरासी हेलीपैड का किया निरीक्षण

भरमौर/चम्बा 28 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए चंबा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा दिनेश शर्मा ने यात्रा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।एएसपी दिनेश शर्मा ने कुगती, हड़सर तथा चौरासी स्थित हेलीपैड तक पहुंचकर मौके पर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े प्रमुख स्थानों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों की ड्यूटी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की।मणिमहेश यात्रा के दौरान देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भरमौर पहुंचने की संभावना रहती है।

ऐसे में यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी भरमौर (SHO) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पुलिस कर्मी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाएं। पार्किंग स्थलों और यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों को तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए।चंबा पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।

पुलिस ने भरोसा दिलाया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और हर कदम पर आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने के लिए जवान तैनात रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!