वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को ही मिले बीपीएल योजनाओं का लाभ :- कुलदीप सिंह पठानिया

वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को ही मिले बीपीएल योजनाओं का लाभ :- कुलदीप सिंह पठानिया

चम्बा/चुवाड़ी 11 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अंबेडकर भवन चुवाड़ी में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के सर्वेक्षण के आधार पर चयनित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले वास्तविक जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।पठानिया ने कहा कि बीपीएल परिवारों के चयन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने आठ चरणों में सर्वेक्षण करवाया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सहायता के वास्तविक पात्र परिवार ही बीपीएल सूची में शामिल हों।

उन्होंने कहा कि पहले बीपीएल सूची में अपात्र परिवारों के शामिल होने तथा पात्र जरूरतमंद परिवारों के सूची से बाहर रहने की शिकायतें मिलती रही हैं। इसी के मद्देनजर व्यापक सर्वेक्षण के माध्यम से पात्र परिवारों की पहचान कर चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की गई है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण को विशेष प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आवास, शिक्षा, उपचार, पेंशन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ उपलब्ध करवाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के दौरान किसी कारणवश वंचित रह गए वास्तविक जरूरतमंद परिवार, यदि निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करते हैं, तो उनके मामलों पर नियमानुसार विचार किया जा सकता है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया।इससे पहले एसडीएम मनीष सोनी ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया और बीपीएल चयन प्रक्रिया सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बीडीओ अनिल गुराडा ने विकासखंड भटियात से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।कार्यक्रम में राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक चेला कृष्ण चंद, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय कंवर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढक, बीएमओ डॉ. शामलाल, तहसील कल्याण अधिकारी आरती देवी, सीडीपीओ धर्मवीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

नैनीखंड, बलेरा, तुनुहट्टी, ककीरा-जरेई, ककीरा-कस्बा, खरेरा, गडाना, घटासनी, चलामा, तारागढ़, कुड्डी, अवांह, होबार, जत्रूण, परछोड़, साढल, बनेट, रायपुर, जंदरेाग, तुरकडा, परसियारा, मलूंडा, काहरी, गाहर और कुड़नू पंचायतों के लाभार्थियों ने संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!