चोहडा के पास भारी भूस्खलन से बनीखेत–सुडला मार्ग बंद, यातायात ठप

चोहडा के पास भारी भूस्खलन से बनीखेत–सुडला मार्ग बंद, यातायात ठप

डलहौजी/ चम्बा 21 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिला में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बनीखेत–सुडला मार्ग पर चोहड़ा के समीप भारी भूस्खलन होने की सूचना है। पहाड़ी से अचानक बड़ी मात्रा में मलबा, मिट्टी और विशाल पत्थर सड़क पर आ गिरने से यह मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश का सिलसिला बीते कई घंटों से लगातार जारी है, जिसके चलते पहाड़ियों की मिट्टी ढीली पड़ गई और यह भूस्खलन हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, हालांकि मार्ग बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और सड़क को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही मार्ग को पूरी तरह से सुरक्षित तरीके से खोला जा सकेगा।प्रशासन ने इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल इस सड़क का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का सहारा लें। साथ ही, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।लगातार बारिश के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!