भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दिए आवश्यक निर्देश

भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दिए आवश्यक निर्देश

भटियात/ चम्बा, 27 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

भारी वर्षा के कारण प्रभावित हुए भटियात विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भूस्खलन से प्रभावित स्थानों का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।विधानसभा अध्यक्ष ने पातका-डलहौजी सड़क मार्ग पर गाहर दा घटु तथा नूरपुर-सांझी-नाला-लाहडू-तुन्नू हट्टी मार्ग पर टिक्कर गला घार सहित कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि हाल ही में 21 और 22 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण टिक्कर गला घार क्षेत्र में लगभग 200 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे यातायात बाधित हो गया था।उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि विभाग ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दिन-रात कार्य कर सड़क मार्ग को शीघ्र बहाल किया, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय इस तरह की तत्परता आम लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एचपी डीआरआरपी (HP DRRP) के अंतर्गत पनियाला, टिक्कर गला सहित शाहपुर-सिंहुता-चुवारी सड़क मार्ग पर भूस्खलन प्रभावित स्थानों के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए मजबूत और दीर्घकालिक उपाय आवश्यक हैं ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर भूस्खलन से प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके उपरांत संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर तथा खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!