ओवरटेक को लेकर विवाद बना हिंसक, चंबा में महिला पर नकाबपोशों का चाकू से हमला

ओवरटेक को लेकर विवाद बना हिंसक, चंबा में महिला पर नकाबपोशों का चाकू से हमला

चम्बा 20 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

देवभूमि चंबा में आज सोमवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला खरुड़ा निवासी ज्योति शर्मा रोजमर्रा की तरह अपनी ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान चामुंडा माता मंदिर के ठीक नीचे मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उन पर हमला कर दिया।पीड़िता ज्योति शर्मा के अनुसार, बाइक सवार युवकों ने सड़क पर गलत तरीके से ओवरटेक किया, जिस पर उन्होंने उन्हें टोका। महिला का यह विरोध हमलावरों को नागवार गुजरा और पीछे बैठे नकाबपोश युवक ने अचानक चाकू निकालकर उनकी बाजू पर वार कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और लहूलुहान अवस्था में सड़क पर गिर पड़ीं।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। अचानक हुए इस हमले से वह गहरे सदमे में बताई जा रही हैं।इस संबंध में चंबा सिटी पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पीड़िता द्वारा सिटी थाना में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि यह एक गंभीर अपराध है और इसमें शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीम आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस घटना के बाद शहर में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!