जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजितउपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता

चम्बा, 20 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम, तस्करी पर प्रभावी अंकुश तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।उपायुक्त ने आगामी मिंजर मेला एवं श्री मणिमहेश यात्रा के दृष्टिगत नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग को निगरानी एवं चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में बाहर से आने वाले व्यक्तियों को ठहराने वाले सभी होटल, होम-स्टे, गेस्ट हाउस तथा अन्य आवासीय प्रतिष्ठान में ठहरने वाले व्यक्तियों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से करना सुनिश्चित करें ताकि उनकी पहचान सत्यापित की जा सके तथा किसी भी प्रकार की अवैध अथवा आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।उन्होंने सभी विद्यालयों तथा सरकारी कार्यालयों के आसपास उग रहे भांग के पौधों को शीघ्र हटाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने हिमाचल पथ परिवहन के अधिकारियों को नशे की तस्करी रोकने हेतु विशेष रूट्स पर परिवहन की बसों में कैमरे स्थापित करवाने को भी कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार और इससे जुड़े लोगों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।इस दौरान पुलिस अधीक्षक विजय सिंह सकलानी ने बताया कि अब तक जिले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 55 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 16.892 किलोग्राम चरस, 2.169 किलोग्राम पॉपी प्लांट, 507.61 ग्राम चिट्टा सहित 216.9 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी , 2 आइफ़ोन व 64640 रूपये नगद राशि बरामद करते हुए 78 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस मामलों में संलिप्त पांच सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है तथा दर्ज मामलों की जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया जारी है।बैठक में उप निदेशक कृषि भूपेंदर सिंह, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ.करण हितेषी, सहायक अभियंता गौरव कुमार व ओएसडी शिक्षा उमा कांत सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।