निर्माणाधीन चान्जू तृतीय हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में कार्यरत कामगारों की हड़ताल जारी, कंपनी का काम ठप

तीसा/ चम्बा 03 जून दिलीप सिंह ठाकुर
जिला में निर्माणाधीन चान्जू तृतीय हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम कर रही निजी कंपनी अशोक चौहान के अंतर्गत कार्यरत कामगारों की हड़ताल आज भी जारी रही। उल्लेखनीय है कि बीते कई दिनों से मजदूर वेतन भुगतान में देरी को लेकर आंदोलन पर हैं।
जानकारी के अनुसार, आज कंपनी प्रबंधन द्वारा कामगारों के खातों में एक महीने का वेतन जारी कर दिया गया। हालांकि, इसके बावजूद कामगारों ने अपनी हड़ताल समाप्त नहीं की। मजदूरों का कहना है कि कंपनी पर उनके दो महीने का वेतन बकाया है और जब तक पूरा भुगतान नहीं किया जाता, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
हड़ताल पर बैठे कामगारों ने स्पष्ट रूप से कंपनी प्रबंधन के समक्ष अपनी मांग रखी कि उन्हें दो माह का पूरा बकाया वेतन एक साथ दिया जाए।

उनका कहना है कि आंशिक भुगतान से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, क्योंकि लंबे समय से वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
वहीं, कंपनी प्रबंधन ने कामगारों से अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि शेष बकाया वेतन का भुगतान 10 जून तक कर दिया जाएगा। बावजूद इसके, मजदूर अपने रुख पर अडिग हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक पूरा भुगतान नहीं होता, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।
कामगारों की हड़ताल के चलते प्रोजेक्ट का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला, तो परियोजना की समयसीमा पर भी असर पड़ सकता है।