खनी वार्ड से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुभाष चंद का चंबा में भव्य स्वागत

खनी वार्ड से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुभाष चंद का चंबा में भव्य स्वागत

चंबा, 03 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के खनी वार्ड नंबर-04 से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुभाष चंद का जिला मुख्यालय चंबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत शर्मा भरमौरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।स्वागत समारोह के दौरान सुभाष चंद को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनकी शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और माहौल उत्सव जैसा बना रहा।इस मौके पर सुभाष चंद ने अपनी जीत का श्रेय क्षेत्र की जनता, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए सदैव कृतज्ञ रहेंगे और इस विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनसेवा करेंगे।सुभाष चंद ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता खनी वार्ड का समग्र विकास होगा।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं को बेहतर बनाने तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत शर्मा भरमौरी ने भी सुभाष चंद को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत राज चुनावों में जनता ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है, जिससे कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुभाष चंद जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित सदस्य के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!