मैक्लोडगंज में पर्यटन सीजन को लेकर पुलिस अधीक्षक की अहम बैठक, सुरक्षा व व्यवस्था पर दिए निर्देश

कांगड़ा/ धर्मशाला 19 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मैक्लोडगंज, कांगड़ा। पर्यटन सीजन के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कांगड़ा ने मैक्लोडगंज में बीते कल होटल एसोसिएशन एवं टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में क्षेत्र में बढ़ती पर्यटकों की संख्या को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने होटल संचालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे विदेशी नागरिकों के आगमन पर अनिवार्य रूप से C-Form समय पर भरें, ताकि उनकी सही जानकारी प्रशासन के पास उपलब्ध रहे।

इसके साथ ही सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करवाने और होटल परिसरों में लगे CCTV कैमरों को पूरी तरह सक्रिय एवं कार्यशील रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि यह कदम सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने में सहायक होगा।वहीं टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और पर्यटकों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा।पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि मैक्लोडगंज एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सकारात्मक अनुभव सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन इसमें स्थानीय व्यापारियों और टैक्सी चालकों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है।बैठक के अंत में होटल एसोसिएशन और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।