डलहौजी बस स्टैंड के पास बड़ा हादसा टला, पेड़ से टकराकर रुकी कार,सभी कार सवार सुरक्षित

डलहौजी बस स्टैंड के पास बड़ा हादसा टला, पेड़ से टकराकर रुकी कार,सभी कार सवार सुरक्षित

डलहौजी, 16 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

पर्यटन नगरी डलहौजी में बस स्टैंड के समीप गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार (नंबर HP 38 J1885) रात करीब 8:30 बजे डलहौजी की ओर आ रही थी। इसी दौरान बस स्टैंड के पास स्थित विद्युत बोर्ड के पावर हाउस के नजदीक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे की ओर लुढ़क गई। गनीमत यह रही कि सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकराकर कार रुक गई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।बताया जा रहा है कि यदि कार पेड़ से न टकराती तो वह सीधे नीचे स्थित पावर हाउस में गिर सकती थी, जिससे गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के समय कार में तीन लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और बाद में क्रेन की मदद से कार को सड़क पर वापस लाया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील मोड़ पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। लोगों का कहना है कि यहां न तो पर्याप्त चेतावनी संकेतक हैं और न ही सुरक्षा रेलिंग, जिससे भविष्य में ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र उचित कदम उठाने की अपील की है ताकि आने वाले समय में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!