डलहौजी में बनेगा राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया निरीक्षण

डलहौजी में बनेगा राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया निरीक्षण

डलहौजी/चम्बा 28 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के पीएम श्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) के निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विद्यालय को राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर का विस्तृत जायजा लेते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों की सूची में डलहौजी विद्यालय को भी शामिल किया गया है। इस परियोजना के तहत विद्यालय में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिसके लिए ₹5 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जबकि ₹2 करोड़ की राशि लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस स्कूल के डे बोर्डिंग बनने से आसपास की लोहाली प्राथमिक पाठशाला और बस स्टैंड प्राथमिक पाठशाला का इसमें विलय किया जाएगा, जिससे प्राथमिक कक्षाओं का संचालन भी इसी परिसर में होगा।

शिक्षा मंत्री ने पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी द्वारा भलेई कॉलेज को पुनः शुरू करने की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि डलहौजी क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ी सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।एनटीटी शिक्षकों की भर्ती को लेकर उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित प्रक्रिया को शुरू करने के लिए केंद्र सरकार से विशेष छूट का अनुरोध किया गया है। उन्होंने बताया कि लगभग 6200 अभ्यर्थियों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं। वहीं, नीट पेपर लीक मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त और पारदर्शी व्यवस्था विकसित की जाएगी तथा प्रदेश सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है।

इससे पूर्व पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने शिक्षा मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!