‘राम मंदिर चंदा’ विवाद पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 27 जुलाई को प्रदेशभर में पदयात्रा का ऐलान

चम्बा 19 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रभु श्री राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, जिला चम्बा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि “राम नाम पर एकत्र चंदे में गड़बड़ी” को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।कांग्रेस द्वारा जिला स्तर पर पहले आयोजित पदयात्रा और भजन-कीर्तन कार्यक्रमों के बाद अब इस मुद्दे को प्रदेश स्तर पर उठाने की रणनीति बनाई गई है। इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 को हिमाचल प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों के ब्लॉक मुख्यालयों पर व्यापक स्तर पर पदयात्रा और भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने पार्टी के सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इस प्रदर्शन को प्रभावशाली और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाया जाए। उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक में भारी जनसमूह के साथ शक्ति प्रदर्शन करने, कांग्रेस के झंडों, तख्तियों और पोस्टरों के माध्यम से सांकेतिक विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई है। पार्टी का कहना है कि ‘राम मंदिर चंदा’ प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी सिटिंग या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में गठित विशेष कमेटी द्वारा करवाई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।भरमौरी ने इसे करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि यदि इसमें कोई धांधली हुई है तो उसका खुलासा होना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से “निकलो बाहर मकानों से, जंग लड़ो बेईमानों से” के नारे के साथ इस अभियान में शामिल होने की अपील की।कांग्रेस का यह प्रदेशव्यापी प्रदर्शन भाजपा के खिलाफ एक मजबूत राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें भ्रष्टाचार और आस्था के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।