‘Call Before You Dig’ ऐप पर कार्यशाला आयोजित, सुरक्षित खुदाई के लिए डिजिटल पहल पर जोर

Call Before You Dig’ ऐप पर कार्यशाला आयोजित, सुरक्षित खुदाई के लिए डिजिटल पहल पर जोर

शिमला 21 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

Call Before You Dig (CBuD) मोबाइल ऐप के प्रभावी उपयोग को लेकर आज बचत भवन शिमला में एक विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए विभिन्न विभागों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि इस ऐप का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब सभी संबंधित विभाग अपने-अपने नेटवर्क का सटीक और अद्यतन डेटा उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भूमिगत पाइपलाइन, बिजली केबल, गैस लाइन और ऑप्टिकल फाइबर से जुड़ी जानकारी सही और डिजिटल रूप में उपलब्ध नहीं होगी, तो केवल अलर्ट प्रणाली पर्याप्त नहीं होगी। इसलिए सभी विभागों को अपने डेटा का डिजिटलीकरण कर नियमित अपडेट सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जब कोई खुदाई संबंधी अनुरोध भेजा जाता है, तो संबंधित विभाग को तुरंत सूचना मिलती है और उपलब्ध डेटा के आधार पर उसकी समीक्षा की जाती है। इस पूरी प्रक्रिया की सफलता ऐप में उपलब्ध जानकारी की सटीकता पर निर्भर करती है। यह प्लेटफॉर्म सरकारी एजेंसियों, उपयोगिता सेवा प्रदाताओं, ठेकेदारों और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित खुदाई को बढ़ावा देता है।यह ऐप दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से खुदाई शुरू करने से पहले संबंधित क्षेत्र में मौजूद भूमिगत नेटवर्क की जानकारी प्राप्त की जा सकती है, जिससे दुर्घटनाओं, सेवा बाधा और आर्थिक नुकसान की संभावना कम होती है।

कार्यशाला में जनहित में अपील करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों, ठेकेदारों और नागरिकों से कहा कि किसी भी प्रकार की खुदाई से पहले इस ऐप का उपयोग अवश्य करें। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज शर्मा, एसडीएम मंजीत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!