बनीखेत मंडल में ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण, विधायक डी.एस. ठाकुर ने कार्यकर्ताओं संग किया संवाद

डलहोजी/ चम्बा 26 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने बनीखेत मंडल के गुनियाला-2 बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।कार्यक्रम के दौरान विधायक डी.एस. ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायी संबोधन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन को जोड़ने वाला माध्यम बन चुका है, जो देशवासियों में जागरूकता, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करता है।

उन्होंने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में इस कार्यक्रम की भूमिका को भी सराहा।विधायक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के विचार हम सभी को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं और सेवा भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने स्थानीय कार्यकर्ताओं, समर्थकों और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की और संगठन को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साथ ही, उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को भी गंभीरता से सुना तथा उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।इस आयोजन ने न केवल कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाया, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद को भी और अधिक मजबूत किया।