आपदा रक्षक पायलट परियोजना, कांगड़ा में 300 स्वयंसेवकों को मिला प्रशिक्षण

आपदा रक्षक पायलट परियोजना: कांगड़ा में 300 स्वयंसेवकों को मिला प्रशिक्षण

धर्मशाला/कांगड़ा, 22 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला कांगड़ा में आपदा प्रबंधन को सशक्त बनाने की दिशा में “आपदा रक्षक पायलट परियोजना” के तहत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। परियोजना के अंतर्गत जिले के 12 उपमंडलों में 600 स्थानीय स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से अब तक 300 स्वयंसेवकों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। यह जानकारी एडीएम शिल्पी बेक्टा ने सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा द्वारा तकनीकी सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। अब तक इंदौरा, फतेहपुर, नूरपुर, ज्वाली, शाहपुर और धर्मशाला उपमंडलों के संवेदनशील पंचायत क्लस्टरों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं।प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को आपदा जोखिम की पहचान, स्थानीय संसाधनों का आकलन, प्राथमिक सुरक्षा उपाय, त्वरित प्रतिक्रिया, खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार तथा सामुदायिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों की व्यवहारिक जानकारी दी जा रही है। इस पहल का उद्देश्य ग्राम स्तर पर सक्षम टीमें तैयार करना है, जो आपदा की स्थिति में तुरंत और प्रभावी प्रतिक्रिया देकर जान-माल के नुकसान को न्यूनतम कर सकें।एडीएम शिल्पी बेक्टा ने बताया कि आगामी सप्ताहों में देहरा, ज्वालामुखी, धीरा, जयसिंहपुर, पालमपुर और मुल्थान उपमंडलों में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।बैठक के दौरान प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए और उनके योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के संयोजक रॉबिन कुमार, प्रशिक्षण समन्वयक कुलदीप सिंह, इंटर एजेंसी ग्रुप के संयोजक हरजीत भुल्लर सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!