आसमानी बिजली गिरने से तीन खच्चरों की मौत, गरीब परिवार को मुआवजे की मांग

सलूणी/ चम्बा .22 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
श
चंबा जिले के उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत सलूणी के गांव बनी में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां आसमानी बिजली गिरने से स्थानीय निवासी खेम राज के तीन खच्चरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, क्योंकि खेम राज अपनी आजीविका के लिए इन खच्चरों पर निर्भर था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अचानक मौसम खराब होने के दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर खच्चरों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पशुपालन विभाग की ओर से डॉ. नैनिका मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ पशु औषधि योजक चैन सिंह, शफी, रमेश, हवलदार पवन, उपप्रधान प्रवीण, पूर्व उपप्रधान अनिल ठाकुर तथा पंचायत प्रधान मदन मोहन भी मौजूद रहे।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने बताया कि खेम राज एक गरीब परिवार से संबंध रखता है और खच्चरों के माध्यम से ही अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। ऐसे में यह घटना उसके लिए बड़ी आर्थिक चोट साबित हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि उसे कुछ राहत मिल सके।इस संबंध में तहसीलदार अभी राय सिंह ठाकुर ने बताया कि पशु चिकित्सक की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।स्थानीय लोगों ने भी सरकार से आग्रह किया है कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित गरीब परिवारों के लिए त्वरित राहत और सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसे संकट की घड़ी में उन्हें सहारा मिल सके।