भारी बारिश से चंबा में व्यापक नुकसान, उपायुक्त चम्बा ने जारी की सतर्कता अपील

चंबा, 28 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने आम जनता से विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यदि तेज बारिश शुरू हो जाए तो लोग सुरक्षित स्थान पर रुकें और मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे बढ़ें।उपायुक्त ने लोगों से आग्रह किया कि यात्रा प्रारंभ करने से पहले प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 1077 और 98166 98166 पर संपर्क कर सड़कों की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें। उन्होंने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण जिले में भारी नुकसान दर्ज किया गया है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार करीब 122 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, 150 से अधिक विद्युत ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं तथा 65 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं।राष्ट्रीय राजमार्ग-154A पर भी कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। वहीं लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड की टीमें अन्य प्रभावित क्षेत्रों में बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।सुल्तानपुर क्षेत्र में नाले का पानी रिहायशी इलाकों में घुसने से दो मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई घरों में पानी और मलबा भर गया। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्र में बार-बार उत्पन्न हो रही बाढ़ जैसी स्थिति के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।उन्होंने बताया कि इस मानसून में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 45 लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में बनिखेत के लाहड़ में हुए हादसे का जिक्र करते हुए उन्होंने लोगों से रात के समय यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे निर्माण न करने की अपील की।