खराब मौसम के चलते मणिमहेश यात्रा 23 और 24 अगस्त को स्थगित

खराब मौसम के चलते मणिमहेश यात्रा 23 और 24 अगस्त को स्थगित

चंबा 23 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए श्री मणिमहेश कैलाश यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 23 और 24 अगस्त 2026 को मणिमहेश यात्रा पूरी तरह स्थगित रहेगी। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में मणिमहेश कैलाश की ओर जाने वाले किसी भी मार्ग पर यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। .

आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में हो रही लगातार बारिश तथा प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण मणिमहेश यात्रा मार्ग पर सड़क व पैदल मार्ग के क्षतिग्रस्त होने तथा यात्रा की स्थिति प्रभावित होने की आशंका है। ऐसी परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया है।प्रशासन के अनुसार यात्रा मार्ग की स्थिति, मौसम और कैलाश यात्रा की बहाली की समीक्षा 25 अगस्त 2026 को की जाएगी। परिस्थितियां अनुकूल पाए जाने पर मणिमहेश यात्रा को दोबारा शुरू करने अथवा स्थगन अवधि बढ़ाने के संबंध में अलग से आदेश जारी किया जाएगा।

कार्यालय आदेश में सभी पटवारियों, श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों, संबंधित ग्राम पंचायतों तथा यात्रा से जुड़े अन्य व्यक्तियों से अपील की गई है कि स्थगन अवधि के दौरान यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति आदेश की अनदेखी कर यात्रा करता है और इस दौरान किसी अप्रिय घटना अथवा क्षति का सामना करता है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं की होगी। प्रतिबंधित अवधि में श्रद्धालुओं या पर्यटकों को यात्रा पर ले जाते हुए पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ प्रचलित नियमों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!