खज्जियार में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने चलाया पौधारोपण अभियान, विद्यार्थियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

चंबा 23 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) चम्बा की ओर से बीते कल माननीय अध्यक्ष अनुजा सूद के मार्गदर्शन एवं तत्वावधान में खज्जियार में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खज्जियार के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के आयोजन में वन विभाग ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।इस अवसर पर डीएलएसए चम्बा के सचिव एकांश कपिल, यातायात मजिस्ट्रेट चम्बा विभूति बहुगुणा तथा वन मंडलाधिकारी (वन्यजीव) चम्बा श नवनाथ माने मौजूद रहे। वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए और पौधारोपण में सक्रिय सहयोग दिया।

अभियान के दौरान देवदार सहित स्थानीय एवं देशज प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण, वनों के महत्व और स्थानीय जैव-विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।इस दौरान डीएलएसए अध्यक्ष श अनुजा सूद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों को अपनाने और उनकी नियमित देखरेख करने का आह्वान किया, ताकि ये पौधे भविष्य में स्वस्थ एवं मजबूत वृक्ष बन सकें।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के समन्वित प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए अभियान को सफल बनाने में वन विभाग के सहयोग की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी पौधारोपण तथा वृक्ष संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।डीएलएसए चम्बा के इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ स्थानीय हरित क्षेत्र के संरक्षण एवं विस्तार का संदेश दिया गया।
