राज्यपाल कविन्दर गुप्ता का डलहौजी में भव्य स्वागत, मिंजर मेले के शुभारंभ के लिए आज चंबा हुए रवाना

राज्यपाल कविन्दर गुप्ता का डलहौजी में भव्य स्वागत, मिंजर मेले के शुभारंभ के लिए आज चंबा हुए रवाना

चंबा, 25 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

राज्यपाल महामहिम कविन्दर गुप्ता के जिला चंबा आगमन से पूर्व बीते कल सायं डलहौजी पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके आगमन पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। डलहौजी पहुंचते ही पुलिस जवानों की एक सुसज्जित टुकड़ी द्वारा उन्हें औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया, जिससे समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई।इस स्वागत कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) डलहौजी अनिल भारद्वाज, तहसीलदार रमेश चौहान, डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा सहित लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त डलहौजी क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस अवसर पर उपस्थित होकर राज्यपाल का अभिनंदन किया।राज्यपाल के स्वागत के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन ने आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने राज्यपाल से संक्षिप्त मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की।बताया जा रहा है कि राज्यपाल कवेंद्र गुप्ता आज प्रातः डलहौजी से चंबा के लिए रवाना हो गए, जहां वे अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। उनके इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर रखी हैं।

राज्यपाल के आगमन से जिले में उत्सव जैसा माहौल बन गया है, वहीं मिंजर मेले के शुभारंभ को लेकर भी लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि यह आयोजन इस वर्ष भी भव्य और सफल रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!