वाल्मीकि समुदाय के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल से की विषेश मुलाकात, बरनाला घटना की सीबीआई जांच की मांग उठाई

डलहौजी/चम्बा 25 जुलाई चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
आज डलहौजी में अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के अध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके साथ वाल्मीकि चैरिटेबल सोसायटी के प्रधान अरुण अटवाल सहित वाल्मीकि यूथ क्लब के सदस्य भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपते हुए पंजाब राज्य के बरनाला में घटित एक कथित घटना पर गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि बरनाला में वाल्मीकि समुदाय के निहत्थे और असहाय लोगों पर पंजाब पुलिस द्वारा कथित रूप से लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। विशेष रूप से महिलाओं के घायल होने की खबरों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने कड़ा विरोध जताया और इसे अत्यंत निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रतिनिधियों ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए। उन्होंने ज्ञापन में स्पष्ट रूप से इस घटना की सीबीआई जांच की मांग उठाई, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर किन कारणों से विशेष रूप से वाल्मीकि समुदाय को ही निशाना बनाया जा रहा है।जिला चंबा के वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल इस गंभीर विषय पर उचित कदम उठाने के लिए संबंधित अधिकारियों और सरकार तक उनकी बात पहुंचाएंगे।इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को उचित स्तर पर विचार के लिए अग्रेषित किया जाएगा।इस मुलाकात में आशीष बैंस कार्तिक बैंस अतुल हंस, रोबीन बैंस विजय परवाह सहित साहिल पम्मा भी मौजूद रहे