खजियार दुनिया के श्रेष्ठ पर्यटन स्थलों में शामिल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार

डलहौजी/चंबा, 08 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार सुबह अपने परिवार के साथ सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार की मनमोहक वादियों का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने खजियार की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल विश्व के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शुमार है।उन्होंने कहा कि खजियार की शांत वादियां, स्वच्छ वातावरण और हरियाली से आच्छादित प्राकृतिक दृश्य किसी भी पर्यटक को आकर्षित करने के लिए पर्याप्त हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यहां की सुंदरता का दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है और यह स्थान वास्तव में प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग के समान है।जिला चंबा के दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने हिमाचल प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा किए गए आतिथ्य सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि उन्हें यहां बहुत अच्छा अनुभव प्राप्त हुआ और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं।खजियार भ्रमण के उपरांत ज्ञानेश कुमार जिला कांगड़ा के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, एसडीएम प्रियांशु खाती, हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुरारी लाल, नीरज चांदला, एसी टू डीसी मनमोहन सिंह, जिला विकास अधिकारी तविंद्र चिनौरिया तथा तहसीलदार (निर्वाचन) अनूप डोगरा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।इस दौरे ने न केवल खजियार की पर्यटन महत्ता को उजागर किया, बल्कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक संदेश भी दिया।
