उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने विभिन्न विभागीय कार्यालयों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

चंबा, 18 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न महत्वपूर्ण विभागीय कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सहायक पंजीयक (सहकारी सभाएं), जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक तथा तहसीलदार (निर्वाचन) के कार्यालयों का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली तथा आमजन को प्रदान की जा रही सुविधाओं की भी बारीकी से जांच की।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालयों में रखे गए अनावश्यक एवं पुराने रिकॉर्ड को शीघ्र निष्पादित किया जाए, ताकि उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके और कार्य प्रणाली अधिक सुव्यवस्थित बने।इसके अतिरिक्त उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्थानीय स्तर पर दूध उत्पादन तथा अन्य कृषि उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि सहकारी सभाओं के माध्यम से इन उत्पादों के विपणन और बिक्री की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों और स्थानीय उत्पादकों को सीधा लाभ मिल सके।उपायुक्त ने यह भी कहा कि सभी विभाग जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करें और पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सहायक पंजीयक (सहकारी सभाएं) सुरजीत धीमान, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक करण ठाकुर, तहसीलदार (निर्वाचन) अनूप डोगरा तथा जिला अंकेक्षण अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।